परिवहन विजन समिट 2026 का 11 सितंबर को होगा शुभारंभ

यात्री परिवहन विजन समिट-2026
—
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दो दिवसीय यात्री परिवहन विजन समिट 2026 का 11 सितंबर को करेंगे शुभारंभ

– *इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में होगी समिट*
– *मुख्यमंत्री डॉ. यादव करेंगे इंडस्ट्री एक्सपो का उद्घाटन, स्मारिका, MPYPIL लोगो एवं विशेष पुस्तिका का विमोचन, इंडस्ट्री एक्सपो तथा हैकेथॉन का उद्घाटन*
– *प्रदेश के परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह भी समिट में होंगे शामिल*
– *निजी बस ऑपरेटर, नीति निर्माता, विशेषज्ञ, पूरे देश के राज्य परिवहन उपक्रमों, आईटी कंपनियों और उद्योग जगत के प्रतिनिधि मध्यप्रदेश की परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने की बनाएंगे रणनीति, देंगे सुझाव*

भोपाल। प्रदेश की सार्वजिनक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में मध्यप्रदेश सरकार द्वारा एक ऐतिहासिक पहल की जा रही है। परिवहन विभाग द्वारा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में 11 एवं 12 सितंबर को ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर, इंदौर में दो दिवसीय यात्री परिवहन विज़न समिट 2026 का आयोजन किया जा रहा है। समिट में परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह भी शामिल होंगे। यह समिट मुख्य रूप से मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा पर केंद्रित होगी। समिट का आयोजन मध्यप्रदेश यात्री परिवहन एण्ड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड द्वारा ईलेट्स टेक्नोमीडिया के सहयोग से किया जा रहा है। नई सोच, नई राह, नया मध्यप्रदेश विजन के साथ आयोजित समिट का उद्देश्य प्रदेश में मध्य प्रदेश यात्री परिवहन एण्ड इन्फ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (MPYPIL) के माध्यम से जन-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल, आधुनिक आईटी प्रणालियों और हरित ऊर्जा पर आधारित परिवहन पारिस्थितिकी तंत्र को गति देना है। समिट के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा इंडस्ट्री-एक्सपो का उद्घाटन किया जाएगा। एक्सपो में बस निर्माताओं, आईटी कंपनियों, वित्तीय संस्थानों एवं अन्य उद्योगों के साथ प्रदेश के विभिन्न शासकीय निगमों द्वारा गतिविधियों एवं नवाचारों की प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। इस अवसर पर ईलेट्स टेक्नोमीडिया द्वारा संकलित समिट की स्मारिका का विमोचन भी किया जाएगा। साथ ही MPYPIL द्वारा ‘मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा’ की संरचना एवं योजना के अंतर्गत भविष्य में किए जाने वाले कार्यों पर आधारित विशेष पुस्तिका का विमोचन किया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता के माध्यम से चयनित MPYPIL के नए लोगो का अनावरण भी मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा किया जाएगा। साथ ही मोबिलिटी स्टार्ट-अप्स को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित हैकाथॉन का शुभारंभ भी किया जाएगा।

*देशभर के विशेषज्ञ, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, निजी बस ऑपरेटर बनाएंगे रणनीति*
समिट में देश के विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, निजी बस ऑपरेटर, पूरे देश के राज्य परिवहन उपक्रमों, आईटी कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल होंगे और प्रदेश की सार्वजनिक यात्री परिवहन व्यवस्था को आधुनिक, सरल, सुगम, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था की रणनीति बनाएंगे। साथ ही अपने सुझाव भी देंगे। परिवहन समिट में 8 सत्र होंगे। इन सत्रों के माध्यम से यात्री परिवहन को सुगम, सुरक्षित, स्मार्ट और प्रदूषणमुक्त बनाने, एमपी मोबिलिटी विजन-2030 के तहत PPP मॉडल से निवेश, रोजगार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने, वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर बस संचालन, यात्री सुरक्षा, ग्रीन मोबिलिटी, स्वच्छ ईंधन, एकीकृत टिकटिंग, स्वचालित किराया संग्रह प्रणाली विषयों पर चर्चा होगी।

*देश के प्रमुख संस्थान समिट में होंगे शामिल*
समिट में ईकेए मोबिलिटी, टाटा मोटर्स, ग्रीनसेल मोबिलिटी, वोल्वो-आयशर प्राइवेट लिमिटेड, स्विच मोबिलिटी (हिंदुजा ग्रुप), एयरो ईगल ऑटोमोबाइल, यश टेक्नोलॉजीज, रैपिडो, चलो मोबिलिटी, एमनेक्स इन्फोटेक्नोलॉजीज, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड, एसबीआई, थिंक गैस जैसी प्रमुख कंपनियां सहभागिता करेंगी। इसके अलावा विभिन्न शिक्षण संस्थानों, थिंक टैंक एवं कंसल्टेंसी एजेंसियों के परिवहन विशेषज्ञ भी समिट में अपने अनुभव और सुझाव साझा करेंगे। इनमें WRI इंडिया, BITS पिलानी, CEPT अहमदाबाद, KPMG और DIMTS प्रमुख हैं।

*8 सत्रों में होगा मंथन*

1. “मध्यप्रदेश मोबिलिटी विजन 2030: बस संचालन एवं इंटेलिजेंट ट्रांसपोर्ट मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) में सार्वजनिक निजी भागीदारी को बढ़ावा”: इस सत्र में मध्य प्रदेश के विशाल भौगोलिक विस्तार और तेजी से बढ़ते शहरी केंद्रों के अनुरूप बस संचालन व ITMS में PPP मॉडल लागू करके सेवा की गुणवत्ता सुधारने पर मंथन किया जाएगा।

2. “भविष्य के लिए तैयार यात्री परिवहन अवसंरचना: सार्वजनिक निजी भागीदारी के माध्यम से निवेश को प्रोत्साहन”: यह सत्र बस टर्मिनलों, मल्टीमॉडल हब, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी तथा इंटेलिजेंट ट्रांसपोर्ट सिस्टम जैसी आधुनिक परिवहन संपत्तियों में पीपीपी के माध्यम से निवेश आकर्षित करने, अभिनव वित्तपोषण मॉडल, नीतिगत सहयोग और जोखिम-साझाकरण व्यवस्था पर केंद्रित होगा।

3. “वित्तीय रूप से सुदृढ़ एवं आत्मनिर्भर सार्वजनिक बस संचालन के लिए रणनीतियाँ”: इस सत्र में केवल किराए पर निर्भरता घटाने, व्यवहार्यता अंतर वित्तपोषण, गैर-किराया राजस्व (विज्ञापन, खुदरा, लॉजिस्टिक्स व नामकरण अधिकार) तथा प्रदर्शन-आधारित अनुबंधों पर विचार किया जाएगा।

4. “यात्री परिवहन क्षेत्र में रोजगार एवं उद्यमिता सृजन हेतु केंद्र सरकार की योजनाओं का प्रभावी उपयोग”: इसमें पीएम मुद्रा योजना, पीएमईजीपी, स्टार्टअप इंडिया, स्टैंड-अप इंडिया, पीएम कौशल विकास योजना, पीएम ई-ड्राइव, पीएम ई-बस सेवा और पीएम गति शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान के जरिए ट्रांसपोर्टरों, एमएसएमई, महिला उद्यमियों और कुशल पेशेवरों को सशक्त बनाने पर चर्चा होगी।

5. “सार्वजनिक परिवहन प्रणाली में सुरक्षा, विश्वसनीयता एवं यात्री सुविधा”: इसमें सीसीटीवी निगरानी, आपातकालीन प्रतिक्रिया, प्रिवेंटिव मेंटेनेंस, वास्तविक समय पर यात्री सूचना, चालक प्रशिक्षण और शिकायत निवारण जैसे उपभोक्ता-केंद्रित मुद्दों पर विमर्श होगा।

6. “डेटा-आधारित निर्णय: इंट्रा-सिटी एवं इंटर-सिटी बस मार्गों एवं संचालन की योजना (AI आधारित विश्लेषण सहित)”: इस सत्र में राज्यव्यापी आईटीएमएस, रीयल-टाइम डेटा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के जरिए मार्गों के युक्तिकरण एवं शेड्यूलिंग पर विशेषज्ञ चर्चा करेंगे।

7. “हरित मोबिलिटी: स्वच्छ ईंधन एवं भविष्य के लिए तैयार बस बेड़ा”: इसमें इलेक्ट्रिक, हाइड्रोजन और फ्लेक्स-फ्यूल बसों, चार्जिंग व रीफ्यूलिंग इंफ्रास्ट्रक्चर, ग्रीन डिपो और उन्नत चालक सहायता प्रणाली (एडीएएस) से जुड़े तकनीकी व ढांचागत पहलुओं की समीक्षा की जाएगी।

8. “एक राज्य, एक यात्रा: एकीकृत टिकटिंग एवं स्वचालित किराया संग्रह प्रणाली के माध्यम से निर्बाध यात्रा अनुभव”: सत्र में नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड, स्वचालित किराया संग्रह, ओपन-लूप भुगतान प्रणाली और मोबिलिटी-एज-ए-सर्विस (MaaS) प्लेटफॉर्म पर बात होगी।

mpnews update
Author: mpnews update

Journalist Vimlesh Dwivedi “सवाल वही, जो जनता से जुड़े हों; पड़ताल वही, जो सच सामने लाए और खबर वही, जिसका असर जनहित में हो।” जनसमस्या से जनहित तक — जमीनी हकीकत को सामने लाने वाली पत्रकारिता। Journalist Vimlesh Dwivedi जनसरोकार और जमीनी मुद्दों पर केंद्रित पत्रकारिता के माध्यम से समाज की वास्तविक तस्वीर सामने लाने का प्रयास करते हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य केवल खबर दिखाना नहीं, बल्कि उन सवालों को उठाना है जो आम लोगों के जीवन से सीधे जुड़े हैं। जनसमस्याएँ, जमीनी हकीकत, जनहित के मुख्य मुद्दे, सरकारी योजनाएँ और उनका वास्तविक लाभ—इन विषयों पर तथ्यात्मक एवं खोजपरक रिपोर्टिंग उनकी प्राथमिकता है। सरकार द्वारा जनता के लिए बनाई गई योजनाओं का लाभ किसे, कितना, कब और किस प्रक्रिया से मिल रहा है, योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति क्या है और कहीं व्यवस्था में लापरवाही या भ्रष्टाचार तो नहीं—इन सवालों को सामने लाना उनकी पत्रकारिता का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उनकी रिपोर्टिंग में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं का पर्दाफाश, क्राइम एवं अपराध से जुड़ी खबरें, खोजपरक स्टोरी, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, किसानों की समस्याएँ और ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े जनमुद्दे प्रमुख रूप से शामिल हैं। Journalist Vimlesh Dwivedi का प्रयास है कि समाज के उस व्यक्ति की आवाज़ भी सामने आए,...

Leave a Comment