परेड की दोनों विधाओं के माध्यम से आपने अनुशासन, गंभीरता, उत्साह और हर चुनौती से लड़ने का संकल्प प्रदर्शित किया है। मेरी कामना है कि आपका उत्साह और उमंग नई ऊंचाइयों को छुए, लेकिन आप सदैव अपने कर्तव्य के मार्ग पर अडिग रहें। जीवन एक बार मिलता है, इसलिए इसे इस तरह जिएं कि राष्ट्र और समाज के प्रति आपकी सेवा गौरव का विषय बने और सरकार द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी सार्थक सिद्ध हो। पुलिस के सामने डकैतों, नक्सलवाद और ड्रग्स जैसी तीन बड़ी चुनौतियां हैं। मुझे विश्वास है कि आप पूरी दृढ़ता से इनका मुकाबला करेंगे और वर्ष 2029 तक ड्रग्स के खिलाफ निर्णायक सफलता हासिल करेंगे।
मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री के रूप में पुलिस विभाग की समस्याओं का समाधान और जवानों का मनोबल बढ़ाना हमारी प्राथमिकता है। बीते पौने तीन वर्षों में 17,710 पदों पर भर्तियां की गई हैं तथा लगभग 22,500 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। इसके साथ ही बड़े पैमाने पर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पदोन्नति दी गई है।
मुझे विशेष प्रसन्नता है कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में अदम्य साहस और समर्पण दिखाने वाले 60 से अधिक पुलिसकर्मियों को आउट ऑफ टर्न प्रमोशन देकर सम्मानित किया गया है। हमारा संकल्प है कि पुलिस विभाग में नए युवाओं को अवसर मिले, योग्य कर्मचारियों को पदोन्नति मिले और प्रत्येक जवान का विश्वास एवं मनोबल बना रहे।
– *डॉ. मोहन यादव, मुख्यमंत्री*
