विश्व का पहला नदी जोड़ो अभियान बुंदेलखंड की धरती से प्रारंभ हुआ है। केन-बेतवा लिंक परियोजना तथा पार्वती-कालीसिंध-चंबल नदी जोड़ो अभियान से चंबल, मालवा और बुंदेलखंड क्षेत्र विकास के एक नए दौर में प्रवेश करेंगे। मध्यप्रदेश सरकार धीरे-धीरे प्रदेश के सभी क्षेत्रों में विकास के कार्यों को गति दे रही है। मैं सभी से हाथ जोड़कर निवेदन करता हूं कि कोई भी अपना खेत न बेचे। आने वाले समय में हम पंजाब और हरियाणा को भी खेती के क्षेत्र में पीछे छोड़ने का संकल्प लेकर आगे बढ़ रहे हैं। मैं किसानों से आग्रह करता हूं कि वे अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाएं, अनावश्यक खर्चों से बचें और राज्य शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लें। हमारे बच्चे अच्छी तरह पढ़ेंगे और मेडिकल से लेकर अन्य व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेंगे, तो सरकार उनकी फीस भरने की जिम्मेदारी भी निभाएगी। हमारा लक्ष्य समृद्ध मध्यप्रदेश का निर्माण करना है, जहां युवा रोजगार लेने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले बनें। प्रदेश में रोडवेज की बस सेवा भी पुनः शुरू होने वाली है। ग्वालियर से भोपाल तक नया हाई-वे बनाया जा रहा है, जिससे लगभग 100 किलोमीटर की दूरी कम होगी। राजधानी भोपाल को प्रदेश के सभी अंचलों से जोड़ने के लिए ग्रीनफील्ड रोड का निर्माण किया जा रहा है। रेलवे नेटवर्क का विस्तार किया जा रहा है और एयर कनेक्टिविटी भी बढ़ाई जा रही है। आयुष्मान कार्डधारकों के लिए निःशुल्क एयर एंबुलेंस सेवा भी प्रारंभ की गई है। इन सभी प्रयासों का उद्देश्य मध्यप्रदेश को विकास, रोजगार, शिक्षा, कृषि और बेहतर कनेक्टिविटी के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाना है।
– *डॉ. मोहन यादव मुख्यमंत्री*
