सेवा संकल्प अभियान के तहत गांधी चौक में नुक्कड़ नाटक से स्वास्थ्य और नशामुक्ति का संदेश
आयुष्मान भारत योजना और नशामुक्त भारत अभियान पर जनजागरूकता, स्वस्थ जीवन अपनाने का दिया संदेश
सीधी, 20 सितम्बर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत गांधी चौक सीधी में शनिवार को आयुष्मान भारत योजना एवं नशामुक्त भारत अभियान पर केंद्रित नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने, उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ लेने तथा नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।
नुक्कड़ नाटक के दौरान कलाकारों ने प्रभावी संवाद और अभिनय के माध्यम से स्वस्थ जीवन के महत्व तथा नशे के दुष्प्रभावों को सहज और रोचक ढंग से प्रस्तुत किया। लोगों को आयुष्मान भारत योजना के तहत उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं एवं पात्रता की जानकारी प्राप्त करने और आवश्यकता पड़ने पर शासकीय स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। वहीं नशे के कारण होने वाले स्वास्थ्य, पारिवारिक, सामाजिक और आर्थिक नुकसान को भी प्रभावी ढंग से दर्शाया गया।
मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक मुकेश कुमार गौर ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से समाज में जागरूकता और सकारात्मक बदलाव लाना है। स्वास्थ्य के प्रति सजगता और नशे से दूरी स्वस्थ एवं सशक्त परिवार तथा समाज के निर्माण की महत्वपूर्ण आधारशिला है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर रचनात्मक एवं स्वस्थ गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया।
नाटक के माध्यम से यह संदेश भी दिया गया कि नशे का प्रभाव केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इससे परिवार की खुशियां, सामाजिक संबंध और आर्थिक स्थिति भी प्रभावित होती है। नशे की समस्या से जूझ रहे व्यक्तियों को सहयोग देने और आवश्यकता होने पर उचित परामर्श एवं सहायता लेने के लिए भी प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में नवांकुर संस्था के प्रतिनिधि, परामर्शदाता एवं छात्र उपस्थित रहे। गांधी चौक पर बड़ी संख्या में आमजन ने नुक्कड़ नाटक देखा और कलाकारों के संदेशों से जुड़ते हुए स्वस्थ जीवन अपनाने तथा नशे से दूर रहने का संकल्प लिया। इस अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से स्वास्थ्य जागरूकता और नशामुक्त समाज के निर्माण में जनभागीदारी का संदेश दिया गया।
