
जन्मोत्सव के बहाने शक्ति प्रदर्शन, पूर्व विधायक के आवास पर उमड़ी भीड़
सुबह से समर्थकों और शुभचिंतकों का लगा तांता
2028 के चुनाव को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म
फोटो
सीधी। पूर्व विधायक पंडित केदारनाथ शुक्ल के जन्मोत्सव पर बुधवार को उनके आवास पर उमड़ी भीड़ ने सीधी की सियासत में एक बार फिर हलचल पैदा कर दी। जन्मदिन की शुभकामनाएं देने के लिए सुबह से ही बड़ी संख्या में समर्थक, शुभचिंतक और क्षेत्रवासी उनके निवास पर पहुंचते रहे। हालांकि आयोजन जन्मदिन का था, लेकिन जुटी भीड़ और समर्थकों की सक्रियता को राजनीतिक नजरिए से देखा जा रहा है।
पंडित केदारनाथ शुक्ल सीधी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के टिकट पर चार बार विधायक रह चुके हैं और जिले की राजनीति में उनका मजबूत जनाधार माना जाता है। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा से टिकट कटने के बाद उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरकर अपनी राजनीतिक मौजूदगी का अहसास कराया था। चुनाव के बाद भी वे लगातार क्षेत्र में सक्रिय नजर आते रहे हैं।
बुधवार को उनके जन्मोत्सव पर जिस तरह से समर्थकों की भीड़ उनके आवास पर पहुंची, उसने एक बार फिर कई राजनीतिक सवाल खड़े कर दिए हैं। खासतौर पर वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव को लेकर अब सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं। राजनीतिक जानकारों के बीच यह सवाल भी उठने लगा है कि क्या जन्मोत्सव के बहाने शुक्ल अपने पुराने समर्थक आधार को फिर से सक्रिय करने की कवायद में जुटे हैं।

भीड़ ने दिए राजनीतिक संकेत
जन्मदिन पर उमड़ी भीड़ को केवल शुभकामनाओं तक सीमित नहीं माना जा रहा है। समर्थकों की मौजूदगी और उनके बीच चल रही राजनीतिक चर्चाओं ने आने वाले विधानसभा चुनाव की संभावित तैयारियों की ओर इशारा किया है। हालांकि पंडित केदारनाथ शुक्ल की ओर से 2028 के चुनाव को लेकर अभी कोई औपचारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन उनके आवास पर जुटी भीड़ ने राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाओं का दौर जरूर शुरू कर दिया है।
बॉक्स
भाजपा से चार बार के विधायक
केदारनाथ शुक्ल भाजपा के टिकट पर चार बार विधायक रह चुके हैं। 2023 में टिकट नहीं मिलने के बाद उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़कर अपनी राजनीतिक राह अलग करने का संकेत दिया था। अब 2028 का विधानसभा चुनाव भले ही अभी दूर है, लेकिन जन्मदिन के मौके पर उनके आवास पर जुटे समर्थकों ने यह संदेश जरूर दिया है कि सीधी की राजनीति में केदारनाथ शुक्ल का प्रभाव अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है।
ऐसे में बड़ा सवाल यही है कि 2028 में केदारनाथ शुक्ल किस राजनीतिक भूमिका में नजर आएंगे और क्या वे एक बार फिर विधानसभा चुनाव के मैदान में उतरेंगे, फिलहाल इसका जवाब भविष्य के गर्भ में है, लेकिन जन्मोत्सव पर उमड़ी भीड़ ने सीधी की सियासत में नए कयासों को जन्म दे दिया है।
