
बरसात से गिरे गरीबों के खपरैल मकानों का निरीक्षण कर सहायता दे सरकार :जय सिंह
सीधी। लगातार बारिश के कारण जिले में कई गरीब परिवारों के खपरैल मकान क्षतिग्रस्त होकर गिर गए हैं। मकान गिरने से प्रभावित परिवारों के सामने रहने और घरेलू सामान को सुरक्षित रखने की समस्या खड़ी हो गई है। ऐसे हालात के मद्देनजर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता जय सिंह चौहान राजू ने सरकार और प्रशासन से मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त मकानों का निरीक्षण कराने तथा नियमानुसार सहायता राशि उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका कहना है कि अधिकांश प्रभावित परिवार आर्थिक रूप से कमजोर हैं और अपने स्तर पर मकानों की मरम्मत कराने में सक्षम नहीं हैं। बारिश के कारण कई घरों की दीवारें और छतें भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जिससे परिवारों को हादसे का डर बना हुआ है। ऐसे हालात को देखते हुए प्रशासन से मांग की है कि राजस्व एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों की टीम भेजकर नुकसान का सर्वे कराया जाए। साथ ही पात्र परिवारों को शीघ्र आर्थिक सहायता, आवास योजना के तहत लाभ दिलाया जाए। श्री सिंह ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन संवेदनशीलता दिखाते हुए जल्द निरीक्षण कर प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाएगा, ताकि बारिश के मौसम में उन्हें सुरक्षित आश्रय मिल सके।
