वायरल वीडियो के बाद माटा पटवारी निलंबित
कलेक्टर की सख्ती, अपर कलेक्टर कर रहे पूरे मामले की जांच
फोटो
सीधी। ग्राम माटा में बुजुर्ग व्यक्ति की पीठ पर सवार होकर पटवारी द्वारा पानी से भरे गड्ढे को पार करने का वीडियो प्रसारित होने के बाद जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है। कलेक्टर विकास मिश्रा के निर्देश पर अपर कलेक्टर बीपी पाण्डेय ग्राम माटा पहुंचकर पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।
ग्रामीणों द्वारा जनसुनवाई में दी गई शिकायतों में शासकीय पट्टा, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, जाति एवं जन्म प्रमाण पत्र सहित अन्य कार्यों के लिए सेवा शुल्क मांगे जाने के आरोप भी लगाए गए हैं।
मामले में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व गोपद बनास प्रिया पाठक ने पटवारी हल्का माटा नीलेश नामदेव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। प्रथम दृष्टया असंवेदनशील एवं अपमानजनक व्यवहार पाए जाने पर मध्यप्रदेश सिविल सेवा नियमों के तहत कार्रवाई की गई है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
