अगड़ाल का जर्जर यात्री प्रतीक्षालय बना खतरा
स्कूल भवन के पास होने से बच्चों की सुरक्षा पर सवाल, हादसे के इंतजार में जिम्मेदार
फोटो
सीधी। जनपद पंचायत रामपुर नैकिन अंतर्गत ग्राम पंचायत अगड़ाल में स्थित सरकारी यात्री प्रतीक्षालय लंबे समय से जर्जर हालत में पड़ा है। भवन की छत और दीवारों का प्लास्टर जगह-जगह से टूटकर गिर रहा है। ऐसे में यह प्रतीक्षालय राहगीरों के साथ-साथ समीप स्थित शासकीय स्कूल में आने-जाने वाले बच्चों के लिए भी खतरा बन गया है।
स्थानीय निवासी एवं समाजसेवी विवेक मिश्रा के अनुसार प्रतीक्षालय की छत की हालत बेहद खराब है। कई स्थानों पर प्लास्टर उखड़ चुका है और भवन का ढांचा भी कमजोर नजर आ रहा है। बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है। स्कूल भवन बिल्कुल समीप होने के कारण बच्चों की आवाजाही लगातार बनी रहती है।
ग्रामीणों का कहना है कि जर्जर यात्री प्रतीक्षालय को लेकर संबंधित अधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक न तो इसकी मरम्मत कराई गई और न ही भवन को सुरक्षित करने के लिए कोई व्यवस्था की गई। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो छत या प्लास्टर का हिस्सा गिरने से बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रतीक्षालय का तत्काल तकनीकी निरीक्षण कराकर जर्जर हिस्से को हटाया जाए अथवा उसकी मरम्मत कराई जाए तथा स्कूल के बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
ब्यूरो विमलेश द्विवेदी : 9926349672
